भवानीपटना, कलाहांडी, 19/01/2026: वेदांता एल्युमिनियम, जो भारत का सबसे बड़ा एल्युमिनियम उत्पादक है, ने कलाहांडी उत्सव – घुमुरा 2026 के 28वें संस्करण में भाग लिया, जहाँ इसकी लांजीगढ़ रिफाइनरी ने अपने संचालन और सामुदायिक विकास कार्यक्रमों के प्रमुख पहलुओं को प्रदर्शित किया। कंपनी के पवेलियन में 30,000 से अधिक आगंतुक पहुंचे, जहाँ बॉक्साइट से एल्युमिनियम बनने की प्रक्रिया दर्शाने वाली प्रदर्शनी ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। इससे लोगों को एल्युमिनियम उत्पादन और उसके विभिन्न उपयोगों को समझने में मदद मिली।
भवानीपटना में आयोजित यह आयोजन वेदांता एल्युमिनियम के लिए जिले के साथ अपनी लंबी साझेदारी और स्थानीय सामाजिक-आर्थिक विकास में अपनी भूमिका को प्रस्तुत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर रहा। पाँच दिवसीय उत्सव में ओडिशा के माननीय मुख्यमंत्री, श्री मोहन चरण माझी, की उपस्थिति भी रही।
उद्योग में हासिल प्रगति के साथ, प्रदर्शनी ने कंपनी के सामुदायिक विकास कार्यों को भी खास महत्व दिया, जिसमें प्रोजेक्ट ‘सखी’ और प्रोजेक्ट ‘आदिकला’ के लिए बनाए गए विशेष खंड शामिल थे। प्रोजेक्ट सखी मार्केटप्लेस में मिलेट आधारित ऑर्गेनिक उत्पादों से लेकर ग्रामीण महिला उद्यमियों द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित सामान तक की विविध और आकर्षक श्रृंखला प्रदर्शित की गई। ये सभी उत्पाद ग्रामीण ओडिशा की 4,000 से अधिक महिला उद्यमियों द्वारा तैयार किए गए हैं। वहीं, प्रोजेक्ट आदिकला ने क्षेत्र की समृद्ध जनजातीय विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया, जहाँ स्थानीय कारीगरों ने ढोकड़ा और सौरा कला के लाइव डेमो दिखाए। निरंतर प्रशिक्षण, डिज़ाइन सहायता और बाज़ार से जोड़ने के प्रयासों के माध्यम से वेदांता एल्युमिनियम ने 200 से अधिक कारीगर परिवारों के लिए स्थायी आजीविका के अवसर सुनिश्चित किए हैं, ताकि प्राचीन कलाएँ आधुनिक समय में भी जीवित रहें।
उत्सव के दौरान कंपनी ने कलाहांडी जिले के दसवीं कक्षा के आठ टॉपर्स को ‘वेदांता ज्ञानश्री पुरस्कार’ भी प्रदान किया, जो ग्रामीण छात्रों में शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन और आगे की पढ़ाई को बढ़ावा देता है। पुरस्कार प्रदान करने वाले विशिष्ट अतिथियों में शामिल थे— श्री अनुप रंजन पटनायक, ओजेएस, जिला एवं सत्र न्यायाधीश, कलाहांडी; श्री सचिन प्रकाश पवार, आईएएस, कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट, कलाहांडी; श्री मधुसूदन दास, आईएएस, कलेक्टर, नुआपाड़ा; तथा श्री नृपराज एस. साहू, ओएएस, कलेक्टर, सुबरनपुर (सोनपुर), और श्री प्रणब कुमार भट्टाचार्य, सीईओ, वेदांता एल्यूमिना बिज़नेस।
इस अवसर पर बोलते हुए श्री प्रणब कुमार भट्टाचार्य, सीईओ, वेदांता एल्यूमिना बिज़नेस, ने कहा, “कलाहांडी उत्सव इस क्षेत्र की समृद्ध विरासत और पारंपरिक जड़ों का शानदार उत्सव है। माननीय मुख्यमंत्री की उपस्थिति हमारे इस विश्वास को और मजबूत करती है कि औद्योगिक प्रगति और सांस्कृतिक संरक्षण साथ-साथ चलने चाहिए, ताकि कलाहांडी के लोगों के लिए एक स्थायी और आशाजनक भविष्य बन सके।”
कलाहांडी उत्सव 2026 में अपनी भागीदारी के माध्यम से कंपनी ने एक बार फिर यह दर्शाया कि वह जिले की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक विकास और आर्थिक प्रगति के प्रति एक जिम्मेदार उद्योग साझेदार के रूप में समर्पित है।

